निकुंज-नोशी ने जीते नौ खिताब, सिरमौर का बढ़ाया मान

By: Jul 30th, 2026 12:01 am

जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, अब राज्य प्रतियोगिता में करेंगे सिरमौर का प्रतिनिधित्व

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन में आयोजित सिरमौर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के सीनियर एवं अंडर-19 वर्ग में निकुंज रमौल और नोशी रमौल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 में से नौ खिताब अपने नाम किए। दोनों खिलाडय़िों के इस प्रदर्शन को प्रतियोगिता का उल्लेखनीय कीर्तिमान माना जा रहा है। निकुंज रमौल ने सीनियर पुरुष युगल में अभिषेक के साथ, सीनियर मिश्रित युगल में नोशी रमौल के साथ तथा अंडर-19 बालक एकल, बालक युगल में पार्थ ठाकुर और मिश्रित युगल में नोशी रमौल के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नोशी रमौल ने सीनियर महिला एकल, महिला युगल में ऐश्वर्या वर्मा के साथ, सीनियर मिश्रित युगल में निकुंज रमौल के साथ तथा अंडर-19 बालिका एकल, बालिका युगल में सुरभि और मिश्रित युगल में निकुंज रमौल के साथ जीत दर्ज की। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाडिय़ों का चयन सिरमौर जिला बैडमिंटन टीम में हुआ है।

अब वे पांच से आठ अगस्त तक नादौन, जिला हमीरपुर में आयोजित होने वाली हिमाचल प्रदेश राज्य अंडर-19 एवं सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाडिय़ों की सफलता पर उनके कोच विक्रांत शर्मा को समर्पित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए बधाई दी गई। दून वैली स्कूल भाटांवाली पांवटा साहिब की प्रधानाचार्या शिवानी पांडे के सहयोग एवं प्रोत्साहन तथा संजय कौशल द्वारा अभ्यास के लिए उपलब्ध करवाई गई खेल सुविधाओं के लिए भी आभार जताया गया। परिजनों ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर सिरमौर और हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App