CM बनने के बाद नहीं खरीदी कोई संपत्ति, सुक्खू बोले, ADR रिपोर्ट झूठी, छवि खराब करने की हो रही कोशिश

By: Jul 30th, 2026 12:01 am

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा; एडीआर रिपोर्ट झूठी, छवि खराब करने की हो रही कोशिश

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स यानी एडीआर की रिपोर्ट को लेकर भाजपा पर जुबानी हमला किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा रिपोर्ट के बहाने उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है और उनकी सभी संपत्तियों का पूरा विवरण पहले ही चुनावी एफिडेविट में है। शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस जमीन और संपत्ति का जिक्र किया जा रहा है, वह उन्होंने मुख्यमंत्री बनने से पहले खरीदी थी। समय के साथ जमीन का बाजार मूल्य बढ़ा है और उसी जमीन पर उनका मकान भी बना है। किसी संपत्ति का बाजार मूल्य बढऩा स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसे गलत तरीके से पेश करना उचित नहीं है। उनकी संपत्ति मेहनत और ईमानदारी की कमाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एडीआर रिपोर्ट में उनकी शैक्षणिक योग्यता का भी सही उल्लेख नहीं किया गया है। रिपोर्ट में उनकी एमए और एलएलबी की डिग्रियों का जिक्रनहीं किया गया, जबकि यह जानकारी उनके चुनावी दस्तावेजों में पहले से उपलब्ध है। उन्होंने संबंधित संस्था से इस त्रुटि को सुधारने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला बोला कि केंद्र सरकार के पास ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां हैं। पहले भी उनकी जांच हो चुकी है और यदि भाजपा चाहे तो दोबारा जांच करा सकती है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी जांच से डर नहीं है, क्योंकि उन्होंने हमेशा मेहनत और ईमानदारी से ही धन अर्जित किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांग्रेस के भीतर कथितराजनीतिक उठापटक पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस का कोई विधायक या नेता भाजपा में जाना चाहता है, तो वह जा सकता है। कांग्रेस को केवल विचारधारा से जुड़े लोगों की जरूरत है, बिकने वालों की नहीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई विधायक भी टिकट और अन्य राजनीतिक कारणों से लगातार कांग्रेस के संपर्क में रहते हैं। हालांकि कांग्रेस ऐसी भाजपा से किसी नेता को शामिल नहीं करेगी, जिस पर उन्होंने पेपर लीक और चंदा चोर जैसी राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद एडीआर रिपोर्ट, संपत्ति के मुद्दे और प्रदेश की सियासत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

प्रियंका गांधी के बयान का किया समर्थन

मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के शिक्षा मंत्री संबंधी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए, जिसकी सार्वजनिक छवि साफ हो और जो शिक्षा व्यवस्था को बेहतर दिशा दे सके। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति के कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App