पांवटा नगर परिषद को मिला स्थायी नेतृत्व
निर्मल कौर ने अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह मीका ने उपाध्यक्ष पद की ली शपथ, शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बनाया प्राथमिकता
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
लंबे इंतजार और राजनीतिक खींचतान के बाद पांवटा साहिब नगर परिषद को आखिरकार स्थायी नेतृत्व मिल गया। बुधवार शाम नगर परिषद कार्यालय में आयोजित समारोह में रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने निर्मल कौर को अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह मीका को उपाध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। निर्मल कौर दूसरी बार नगर परिषद अध्यक्ष बनी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर को स्वच्छ बनाना, ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या का समाधान, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा सभी 13 वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य करवाना होगा।
उन्होंने सभी पार्षदों, पार्टी नेतृत्व और जनता का आभार भी जताया। उपाध्यक्ष बने इंद्रजीत सिंह मीका ने कहा कि जनता के सहयोग से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है और उनका लक्ष्य युवाओं के रोजगार, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा शहर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार पर रहेगा। उन्होंने अध्यक्ष के साथ मिलकर पांवटा को आदर्श शहर बनाने का संकल्प दोहराया। गौरतलब है कि 13 वार्डों वाली नगर परिषद में भाजपा को चार सीटें मिली थीं, लेकिन चार निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत हासिल कर लगातार पांचवीं बार परिषद पर कब्जा किया। शपथ समारोह में विधायक सुखराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

