पांवटा की सडक़ों की पोल, गड्ढों-जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा

By: Jul 11th, 2026 12:50 am

एसडीएम ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, 24 घंटे में जल निकासी और अस्थायी मरम्मत के दिए निर्देश

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब में जलभराव और जर्जर सडक़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर और औद्योगिक क्षेत्र को जोडऩे वाले प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सडक़ों से प्रतिदिन हजारों फैक्ट्री कर्मचारी और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। कई दोपहिया चालक गड्ढों के कारण हादसों का शिकार भी हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि समय पर नालियों की सफाई न होने से जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे सडक़ें और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही हैं। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से सडक़ों की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरने, नालियों की सफाई तथा संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

उधर, एसडीएम द्विज गोयल ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने और क्षतिग्रस्त सडक़ों की अस्थायी मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से नालियों में कचरा न डालने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App