कड़े इम्तिहान में ट्रैक पास…हिमाचल-पंजाब चहके

By: Jul 11th, 2026 12:51 am

साढ़े दस किलोमीटर रेलखंड पर रेलगाडिय़ों को मिली मंजूरी, 28 मार्च को हुआ था हाईस्पीड ट्रायल

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बीच रेल संपर्क को बड़ी मजबूती मिली उस समय मिली थी, जब दौलतपुर चौक से करटोली (पंजाब) के बीच तैयार 10.55 किलोमीटर लंबे ब्रॉडगेज रेलखंड को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) उत्तर परिमंडल ने यात्री ट्रेनों और मालगाडिय़ों के संचालन के लिए मंजूरी प्रदान कर दी गई थी । अब ट्रेन शुरू होने कि घोषणा के फैसले से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। गौर रहे कि इस रेलखंड ने अपने अंतिम चरण में पहुंचते हुए हाई-स्पीड ट्रायल के साथ सफलता हासिल की। सीआरएस दिनेश चंद देशवाल की देखरेख में 28 मार्च को स्पेशल ट्रेन को 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर सफल परीक्षण किया गया, जिससे हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब के कंडी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई थी ।

ट्रायल से पहले सीआरएस टीम ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, पुल-पुलियों और अन्य तकनीकी पहलुओं का विस्तृत निरीक्षण किया। सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद इस रेलखंड को संचालन की अनुमति दी गई। निरीक्षण टीम में सीएओ एसके मिश्रा, सीपीएम अजेय वर्श्नेय, डिप्टी चीफ इंजीनियर पंकज राणा और एएक्सईएन रवि जिंदल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने परियोजना के कार्य पर संतोष जताया। 28 मार्च 2026 को भी इस रूट पर विशेष ट्रेन का सफल ट्रायल किया था।

सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

सीआरएस ने मंजूरी के साथ कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी लागू की हैं। निर्देश दिए गए हैं कि इस रूट पर चलने वाली पहली यात्री ट्रेन के साथ विभागीय सहायक अभियंता (एईएन) मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शुरुआती तीन दिनों तक विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक मौके पर तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखेंगे। वायाडक्ट से जुड़े सभी सुरक्षा कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए।

वायाडक्ट बना खास आकर्षण

करीब 677 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के लिए 38.37 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इस रेलखंड की सबसे बड़ी विशेषता दौलतपुर चौक से करटोली के बीच बना लगभग 7.80 किलोमीटर लंबा वायाडक्ट है, जिसे उत्तर भारत के प्रमुख वायाडक्ट्स में गिना जा रहा है। इस पर 110 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल किए जा चुके हैं।

विकास को मिलेगी नई रफ्तार
दौलतपुर-करटोली रेलखंड 122.57 किलोमीटर लंबी नंगल डैम-तलवाड़ा-मुकेरियां रेल परियोजना का अहम हिस्सा है। इसके शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और तेज यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर पंजाब के होशियारपुर जिले के कंडी क्षेत्र और हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों को सीधा लाभ पहुंचेगा। भविष्य में यह रेललाइन पठानकोट-जम्मू रेल नेटवर्क से जुडऩे की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। अब सभी की नजरें नियमित ट्रेन संचालन की शुरुआत पर टिकी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App