पांवटा सिविल अस्पताल में पार्किंग संकट से मरीज बेहाल

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

ट्रामा सेंटर निर्माण के बाद घटी पार्किंग क्षमता, एंबुलेंस की आवाजाही भी हो रही प्रभावित

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में पार्किंग की गंभीर समस्या मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध न होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रामा सेंटर के नए भवन के निर्माण के बाद पार्किंग स्थल और कम हो गया है, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। पार्किंग की कमी के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन मुख्य गेट, इमरजेंसी वार्ड और सडक़ किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े किए जा रहे हैं।

इससे एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिनभर मशक्कत करनी पड़ती है और कई बार वाहन पार्किंग को लेकर बहस की स्थिति भी बन जाती है। मरीजों का कहना है कि पार्किंग की समस्या के कारण गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को वार्ड तक पहुंचाने में देरी होती है। लोगों ने अस्पताल में व्यवस्थित पार्किंग, शेड और भविष्य में मल्टी-लेवल पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है। अस्पताल प्रशासन ने माना है कि पार्किंग की समस्या गंभीर है। अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में उच्च अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया गया है। ट्रामा सेंटर के पास खाली पड़ी जगह को अस्थायी पार्किंग के रूप में विकसित करने और भविष्य में स्थायी पार्किंग की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App