सडक़ तोड़े बिना होगी पाइपलाइन की मरम्मत, लीकेज का खेल खत्म
मेन लाइन से निकाले जाएंगे कॉमन हेड; फॉल्ट आने पर यहीं से होगा हल, छह इंच की पेयजल लाइन डालने के काम ने पकड़ी रफ्तार, मैनपॉवर बढ़ाई
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
शहर से गुजर रहा सडक़ मार्ग अब नल कनेक्शन में आने वाली खराबी के दौरान मर मत कार्य के लिए नहीं उखाड़ा जाएगा। जल शक्ति विभाग हमीरपुर ने इसके लिए एक परफेक्ट प्लान तैयार किया है तथा उसे जल्द एग्जीक्यूट किया जाएगा। शहर में नई डाली जा रही नई पेयजल लाइन से अब नल कनेक्शन को पूर्व की भांति नहीं जोड़ा जाएगा बल्कि गली से गुजरने वाले कनेक्शनों के लिए कॉमन हेड निकाले जाएंगे। जिस गली से पानी के कनेक्शन गुजरते हैं उनको कॉमन हेड से जोड़ा जाएगा। नई डाली जा रही पाइपलाइन के ऊपर ही यह कॉमन हेड होंगे तथा यहीं से पेयजल कनेक्शन कनेक्ट किए जाएंगे। पूर्व में पेयजल कनेक्शन जमीन के अंदर पाइप से दिए जाते रहे हैं जिस कारण फॉल्ट आने पर सडक़ मार्ग को उखाड़ा जाता था। फॉल्ट को दूर करने पर ही करीब पांच हजार रुपए का खर्च उपभोक्ता को करना पड़ता था। बताया जाता है कि सडक़ उखाडऩे की एवज में रुपयों का भुगतान लोकनिर्माण विभाग, फीटर तथा सामग्री पर करना पड़ता था।
इस समस्या के समाधान का परफेक्ट प्लान तैयार किया गया है, जिसे पेयजल लाइन डालने के कार्य के उपरांत शुरू किया जाएगा। वहीं शहर में पेयजल लाइन डालने के लिए उखाड़े गए मार्ग की भी सही ढंग से मरम्मत की जाएगी। नालियों के ऊपर बेहतर कंकरीट बिछाया जाएगा। इस पेयजल लाइन को दुकानों के ठीक आगे से डाला जा रहा है। यहां पर पानी की पाइपों के आकार की नाली की खुदाई के उपरांत पाइपें डाली जा रही है। अब कार्य गांधी चौक तक आकर पहुंच गया है, जिसे सब्जी मंडी के समीप से शुरू किया गया था। वहीं ठेकेदार ने भी कार्य में तेजी लाते हुए मैन पावर को बढ़ाया है। जानकारी के मुताबिक शहर में डाली गई पेयजल लाइन काफी पुरानी हो चुकी थी। लाइन कई जगह से डैमेज भी हो चुकी थी जिस कारण वाटर लीकेज की समस्या पेश आ रही थी।
अब नहीं बहेगा बूंद-बूंद पानी
वहीं लोग भी लगातार मांग कर रहे थे कि पानी की लीकेज की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए। किसी तरह से मरम्मत कार्य कर लीकेज को बंद करने के प्रयास किए जाते रहे हैं, लेकिन समस्या का परमानेंट सेल्यूशन नहीं हो पा रहा था।
कॉमन हेड से जुड़ेंगे सैकड़ों नल
हमीरपुर टाउन पेयजल स्कीम के तहत नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। बताया जाता है कि पूर्व में डाली गई लाइन से सैकड़ों नल कनेक्शन दिए गए थे। अब सभी नल कनेक्शन को नई पाइपलाइन से निकाले जाने वाले कॉमन हेड से जोड़ा जाएगा। ऐसे में जहां मरम्मत कार्य आसान हो जाएगा तो लीकेज की समस्या का समाधान होने से नल कनेक्शन में पानी का लो भी बढऩे की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

