पांवटा में लुटेरों की गिरफ्तारी को डीएसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन

By: Jul 8th, 2026 12:02 am

मारपीट और लूट के केस में कार्रवाई न होने पर भडक़े भंगानी के लोगों ने लगाए नारे

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत भंगानी गांव में चार जुलाई की रात हुई मारपीट और लूट की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने पांवटा साहिब डीएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की। शिकायतकर्ता अजय कुमार पुत्र जगदीश चंद निवासी भंगानी ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि चार जुलाई की रात वह घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान आसिफ अली, आरिफ अली, अलिशेर, मीना, नसरीन, इसराना, इरफान, खातू बेगम सहित 18-20 लोग उसके घर में घुस आए और उसके, उसकी पत्नी प्रीति और चचेरे भाई सतीश के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला किया और अजय के गले से सोने की चेन भी छीन ली। घटना में तीनों घायल हुए थे।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को भंगानी और आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग डीएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के तीन दिन बाद भी मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीडि़त परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा मानवेंद्र ठाकुर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है तथा मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। डीएसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक लौट गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App