रामपुर बैली ब्रिज दो दिन बंद, चंद्रलोक कालोनी से डायवर्ट होगा ट्रैफिक

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

बार-बार खराब हो रहा पुल, लोगों की बढ़ी परेशानी; नए ब्रिज का इंतजार बरकरार, ड्राइवर हो रहे परेशान

नगर संवाददाता-ऊना
रामपुर बैली ब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते दो दिन तक यातायात बंद रहेगा। जिला प्रशासन ने 29 और 30 जुलाई को पुल से वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकने के आदेश जारी किए हैं। इस दौरान लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक को चंद्रलोक कॉलोनी के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है। रामपुर पुल करीब दो वर्ष पहले बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने पुराने क्षतिग्रस्त पुल पर करीब ढाई करोड़ की लागत से बैली ब्रिज स्थापित किया था, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। लेकिन अब यह बैली ब्रिज भी बार-बार खराब हो रहा है। पुल के बंद होने से क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए नए पुल का निर्माण जरूरी है। प्रदेश सरकार की ओर से नए पुल के निर्माण को लेकर अभी तक कोई ठोस योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। हालांकि, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुछ माह पहले ऊना दौरे के दौरान नए पुल के लिए 10 करोड़ देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक लोक निर्माण विभाग को राशि जारी नहीं हुई है। बैली ब्रिज बंद होने से ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर स्थित फायर ब्रिगेड को आपात स्थिति में ऊना पहुंचने में परेशानी हो रही है। वहीं, इसी मार्ग पर स्थित इंडियन ऑयल डिपो के टैंकर चालकों को भी वैकल्पिक मार्ग के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

डीपीआर को नहीं मिली स्वीकृति
लोक निर्माण विभाग ने नए पुल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर प्रदेश सरकार को भेज दी है, लेकिन अभी तक इसकी मंजूरी नहीं मिल पाई है। लोगों का कहना है कि बार-बार मरम्मत के बजाय सरकार को स्थायी पुल निर्माण की दिशा में जल्द कदम उठाने चाहिए।

सूचना देने के लिए लगाए जाएं बोर्ड

उपायुक्त जतिन लाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 116 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मार्ग पर पहले से सूचना देने वाले संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों और आम लोगों को वैकल्पिक मार्ग की जानकारी समय रहते मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App