एचपी एफएएस के 26 पदों पर भर्ती शुरू, नौ जुलाई से पांच अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

By: Jul 8th, 2026 9:00 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सरकारी कर्मचारियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। आयोग ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा में प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए 26 पदों पर ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इच्छुक और पात्र कर्मचारी नौ जुलाई से पांच अगस्त तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। आयोग के अनुसार यह भर्ती केवल हिमाचल प्रदेश सरकार के विभागों, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त संस्थानों, विश्वविद्यालयों और सहकारी बैंकों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के लिए है। अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। साथ ही संबंधित विभाग में कम से कम तीन वर्ष की नियमित सेवा पूरी होना भी अनिवार्य है।

भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। दोनों चरणों में सफल उम्मीदवारों को प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए चयनित किया जाएगा। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। पात्रता, परीक्षा शुल्क, परीक्षा का पाठ्यक्रम और अन्य विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सचिव, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, निवेदिता नेगी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की हिदायत दी है।

इन श्रेणियों के पदों पर भर्ती

पदों की बात की जाए तो सामान्य वर्ग के 17 पद सामान्य वर्ग (श्रवण बाधित) – 1 पद, सामान्य वर्ग (बौद्धिक/एकाधिक दिव्यांग) – 1 पद, अनुसूचित जाति एससी – 2 पद, अनुसूचित जनजाति एसटी- 2 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग ओबीसी – 3 पद सहित कुल 26 पदों पर भर्ती की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App