बीडीसी देहरा पर लहराया भगवा, जोश हाई
विनोद कुमार अध्यक्ष; रूबीना चुनीं उपाध्यक्ष, कांग्रेस को करारी शिकस्त, भाजपा ने 15-8 से जीती बाजी
कार्यालय संवाददाता- देहरा गोपीपुर
देहरा पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए दोनों पदों पर कब्जा जमा लिया। 23 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विनोद कुमार और उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार रूबीना चौधरी ने 15-15 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी सुनीला और उपाध्यक्ष प्रत्याशी सुमित को केवल 8-8 मत मिले। इस परिणाम ने देहरा की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी एवं देहरा की कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की इस जीत को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह परिणाम कांग्रेस के लिए बड़ा संदेश है।
चुनाव में भाजपा की रणनीति का नेतृत्व पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने किया, जिन्हें पार्टी ने चुनाव प्रभारी बनाया था। उनके साथ भाजपा संगठन जिला देहरा के प्रभारी एवं पूर्व विधायक राजेश ठाकुर भी पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान सक्रिय रहे। जीत के बाद विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायत समिति के नतीजों ने प्रदेश की राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत बन चुका है और यह परिणाम वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का संकेत है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि चुनाव कराने में सरकार ने भले ही देरी की हो, लेकिन जनता के प्रतिनिधियों ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने सभी सदस्यों को साथ लेकर पंचायत समिति क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। वहीं, उपाध्यक्ष रुबीना चौधरी ने अपनी जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताते हुए कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र के विकास कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

