शिमला में एसएफआई का शक्ति प्रदर्शन
एनटीए को भंग करने और छात्रों पर कार्रवाई रोकने की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) शिमला शहरी कमेटी ने बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजधानी शिमला में विक्ट्री रैली निकाली। रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इसे छात्र आंदोलन की जीत बताया। रैली को संबोधित करते हुए एसएफआई शिमला शहरी कमेटी के अध्यक्ष तिलक ने कहा कि यह जीत केवल छात्रों की नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोगों की है।
उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपने अधिकारों के लिए देशभर में लगातार आंदोलन किया। एसएफआई हिमाचल प्रदेश के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है और आंदोलन में शामिल छात्रों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। जिला सचिव पवन ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा आंदोलन का अंत नहीं, बल्कि एक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि एसएफआई तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक एनटीए को भंग कर पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू नहीं की जाती। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेश और देशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

