बोर्ड परीक्षा पास करने को स्पेशल चांस, फेल से कंपार्टमेंट कैटेगरी में आए छात्रों को बड़ी राहत
फेल से कंपार्टमेंट कैटेगरी में आए छात्रों को बड़ी राहत, शिक्षा बोर्ड ने दिया विशेष मौका
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने उन सैकड़ों विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है, जो मार्च-2026 की बोर्ड परीक्षाओं में फेल हो गए थे, लेकिन री-इवैल्यूएशन के बाद उनकी उम्मीदें फिर से जाग गई हैं। ऐसे विद्यार्थी जिनका परिणाम पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद फेल से कंपार्टमेंट या एसेंशियल इंप्रूवमेंट की श्रेणी में बदला है, उन्हें बोर्ड परीक्षा पास करने के लिए एक वन-टाइम स्पेशल चांस देने जा रहा है। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा का यह संवेदनशील निर्णय उन छात्रों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है, जो जुलाई में हुई अनुपूरक परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए थे। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने इस अहम फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2026 में आयोजित 10वीं (मैट्रिक) और 12वीं (जमा दो) की नियमित परीक्षाओं के बाद कई छात्रों ने अपने अंकों से असंतुष्ट होकर पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था।
जब इन आवेदनों का संशोधित परिणाम घोषित हुआ, तो मैट्रिक के 222 और जमा दो के 155 परीक्षार्थियों का परिणाम सुधरकर अनुत्तीर्ण में तबदील हो गया। इन 377 विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी दुविधा यह खड़ी हो गई थी कि जब तक उनका यह संशोधित परिणाम आया, तब तक जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) या द्वितीय परीक्षा संपन्न हो चुकी थी। परिणाम देरी से आने के कारण ये छात्र उस परीक्षा में बैठने से पूरी तरह चूक गए थे। ऐसे में इन विद्यार्थियों का एक पूरा शैक्षणिक वर्ष दांव पर लगा था। विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने और उनके शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए, शिक्षा बोर्ड ने इन सभी पात्र परीक्षार्थियों को यह विशेष मौका देने का न्यायसंगत निर्णय लिया है। आवेदन प्रक्रिया कैसे होगी और परीक्षा की तिथियां क्या होंगी, इस संबंध में एक विस्तृत अधिसूचना बोर्ड द्वारा जल्द ही आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।
छात्रों से अपील
शिक्षा बोर्ड ने सभी संबंधित पात्र अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे बोर्ड द्वारा जल्द जारी की जाने वाली अधिसूचना और परीक्षा कार्यक्रम (शेड्यूल) के लिए नियमित रूप से अपडेट चैक करते रहें। छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन की सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि इस विशेष अवसर का लाभ उठा सकें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

