चलती गाड़ी पर गिरे पत्थर-मलबा, पांच घायल
नरवाड़ के पास पेश आया हादसा, एक ही परिवार के थे सभी सवार, दो महिलाएं आईजीएमसी रेफर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार
गंभरपुल-सरली मार्ग पर नरवाड़ गांव के पास शुक्रवार सुबह पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा चलती गाड़ी पर आ गिरा। हादसे में वाहन में सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। दो महिलाओं को गंभीर चोटें आने पर आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पत्थरों की चपेट में आने से इनोवा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। तनसेठा गांव निवासी मेहर चंद परिवार के सदस्यों के साथ शुक्रवार सुबह गाड़ी नंबर एचपी 01ए-7775 में सिविल अस्पताल कुनिहार आ रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वाहन नरवाड़ गांव के पास पहुंचा तो अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने लगा। इससे पहले चालक संभल पाता, पत्थर और मलबा वाहन के ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया।
गाड़ी में मेहर चंद, दीक्षांत, कमला, अनीता और जयदेई सवार थे। हादसे में अनीता के सीने और जयदेई के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को सिविल अस्पताल कुनिहार में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। सिविल अस्पताल कुनिहार की चिकित्सा अधिकारी डा. प्रिया चक्रवर्ती ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें तीन लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि दो महिलाओं को गंभीर चोटें होने के कारण आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा है। पहाड़ी से गिरे पत्थरों के कारण वाहन का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

