स्विट्जरलैंड ने 2-0 से हराई अल्जीरिया की टीम

By: Jul 3rd, 2026 10:15 pm

एजेंसियां— वैंकूवर

ब्रील एम्बोलो और डैन एनडोये के एक-एक गोल की बदौलत स्विट््जरलैंड ने राउंड ऑफ-32 के मुकाबले में अल्जीरिया को 2-0 से हराकर फीफा विश्वकप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। स्विट्जरलैंड ने मैच के 10वें मिनट में ही बढ़त बना ली थी। जब जोहान मंजांबी ने तेजी से दौड़ लगाकर पेनल्टी बॉक्स में प्रवेश किया और बाइलाइन से सटीक कटबैक पास दिया। इस पास पर ब्रील एम्बोलो ने छह गज के बॉक्स के भीतर से गोल स्कोर किया। हाफटाइम तक 1-0 की स्कोर लाइन रही। फिर दूसरे हाफ की शुरुआत में रफीक बेलघाली की अधूरी क्लियरेंस गेंद डैन एनडोये के पास पहुंची।

उन्होंने 46वें मिनट में गोलकीपर लुका जिदान को छकाकर गोल किया और टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दो गोल से पिछडऩे के बाद अल्जीरिया मैच में वापसी के लिए कोई बड़ा मौका नहीं बना सका। स्विट्जरलैंड की मजबूत रक्षापंक्ति ने पूरे मुकाबले में विपक्षी टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। स्विस टीम ने संयमित खेल दिखाते हुए जीत आराम से अपने नाम कर ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App