आज से शुरू होगी सरकारी किन्नर कैलाश यात्रा, 58 कर्मचारियों पर व्यवस्था की जिम्मेदारी

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

पहले चार दिन के ऑनलाइन स्लॉट फुल, प्रतिदिन 375 श्रद्धालुओं को मिलेगी अनुमति, 12 शौचालय तैयार, प्लास्टिक कचरा लौटाने पर वापस मिलेंगे 50 रुपए

वरिष्ठ संवाददाता-रिकांगपिओ
आस्था के प्रसिद्ध किन्नर कैलाश यात्रा का सरकारी शुभारंभ 30 जुलाई से होगा। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने 58 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की है। प्रशासन को इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पहले चार दिन के ऑनलाइन पंजीकरण स्लॉट महज चार घंटे में ही भर गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यात्रा केवल तांगलिंग-मेलिंग खट्टा-गुफा मार्ग से संचालित होगी। यात्रा संचालन की निगरानी के लिए नायब तहसीलदार कल्पा रविंदर ठाकुर की अध्यक्षता में निगरानी समिति गठित की गई है।

पुलिस, होमगार्ड, वन विभाग, स्वास्थ्य और जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों को विभिन्न पड़ावों पर तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पेयजल और पंजीकरण की व्यवस्था सुचारू रहे। यात्रा के लिए प्रतिदिन 375 श्रद्धालुओं को अनुमति दी जाएगी। इनमें 175 ऑनलाइन, 125 ऑफलाइन और 75 स्लॉट किन्नौर एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के लिए आरक्षित रहेंगे। मौसम की स्थिति के अनुसार प्रशासन यात्रा कार्यक्रम में बदलाव भी कर सकेगा। किन्नौर कैलाश यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि इस बार स्वच्छता अभियान पर विशेष जोर दिया गया है। श्रद्धालुओं को प्लास्टिक बोतल, बिस्कुट रैपर या अन्य प्लास्टिक सामग्री साथ ले जाने पर 50 रुपये सुरक्षा राशि जमा करनी होगी। वापसी पर कचरा जमा करने पर यह राशि लौटा दी जाएगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल सहित 12 स्वच्छ शौचालय बनाए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित नियमों का पालन करने और किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 8580819827 तथा 9459457587 पर संपर्क करने की अपील की है।

पिछले वर्ष पांच श्रद्धालुओं की हुई थी मौत

सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में 18,116 श्रद्धालुओं ने किन्नर कैलाश शिवलिंग के दर्शन किए हैं। वर्ष 2025 की यात्रा के दौरान हाइपोथर्मिया, पत्थर गिरने और फिसलने जैसी घटनाओं में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इन घटनाओं को देखते हुए इस बार सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App