शिव भक्तों का इंतजार खत्म, इस दिन से शुरू होगी मणिमहेश यात्रा; पंजीकरण शुल्क भी बढ़ा
25 अगस्त से मणिमहेश यात्रा, पहली से ऑनलाइन पंजीकरण
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, प्रतिदिन 5000 श्रद्धालुओं के लिए बुक होंगे स्लॉट
हेलिटैक्सी सेवा भी होगी उपलब्ध ड्रोन से हर हरकत की निगरानी
सडक़-पानी की व्यवस्थाएं 15 अगस्त तक पूरी करने के निर्देश
बाहरी राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए कुगती परिक्रमा मार्ग रहेगा बंद
पंजीकरण शुल्क बढक़र 50 रुपए भीड़ के अनुसार बढ़ाए जाएंगे स्लॉट
कृष्ण जन्माष्टमी और राधाष्टमी पर रहेगी विशेष व्यवस्था
नगर संवाददाता — भरमौर
विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा 2026 का आयोजन इस वर्ष अधिकारिक तौर पर 25 अगस्त से 19 सितंबर तक किया जाएगा। मणिमहेश यात्रा के दौरान हेलिटैक्सी की सुविधा भी 25 अगस्त से उपलब्ध हो जाएगी। इसके साथ ही मणिमहेश यात्रा के लिए पहली अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर आरंभ होगी। अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर आरंभिक रूप से प्रतिदिन लगभग 5000 श्रद्धालुओं के लिए स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे। कृष्ण जन्माष्टमी एवं राधाष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या, मौसम तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्लॉट की संख्या आवश्यकता अनुसार बढ़ाई जा सकेगी। इसके साथ ही महिमहेश यात्रा के पंजीकरण शुल्क को 20 रुपए से बढ़ाकर पचास रुपए कर दिया गया है। बैठक में बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा अवधि के दौरान कुगती परिक्रमा मार्ग भी बंद रहेगा। ये फैसले शुक्रवार को मणिमहेश ट्रस्ट की मिनी सचिवालय में संपन्न बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने की। बैठक में भरमौर-पांगी के विधायक डा. जनकराज भी विशेष तौर से मौजूद रहे।
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने सभी संबंधित विभागों, लंगर समितियों, दुकानदारों एवं अन्य हितधारकों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का कडाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को न्यूनतम करने पर विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएच और भरमौर से हड़सर की सडक़ों पर आए मलबे को हटाने, क्षतिग्रस्त पुलियों एवं रिटेनिंग वाल की मरम्मत तथा सडक़ सुरक्षा के लिए आवश्यक पैरापिट व साइनेज लगाने के कार्य को 15 अगस्त तक पूरा किया जाए। साथ ही बैठक में निर्णय लिया गया कि भरमौर-हड़सर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा, अजय कुमार, रजनीश महाजन, शशि चंदेल, विजय नाग, विवेक चंदेल, संजीव शर्मा, संजय वर्मा, डा. दीपेश बराल, डा. राजेश कुमार, बाबू राम आदि अधिकारियों सहित तनुजा देवी, रश्मि देवी, रीना कुमारी आदि जनप्रतिनिधि व व्यापार मंडल भरमौर के प्रधान महिंद्र पटियाल भी उपस्थित रहे।
समय पर कर लिए जाएंगे सभी इंतजाम
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के पावन मौके पर डल में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही आरंभ हो जाती है। इसके चलते मणिमहेश यात्रा का संचालन 25 अगस्त से आरंभ करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से पहले तमाम प्रबंध पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लाहुल व कुगती के श्रद्धालुओं के लिए कुगती परिक्रमा मार्ग पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी, मगर पिछले वर्ष के अनुभव के चलते बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए इस मार्ग पर आवाजाही करने पर रोक लगाई गई है।
लंगर को 12 हजार पंजीकरण, 25 हजार सिक्योरिटी
मणिमहेश यात्रा के दौरान लंगर समिति से 12 हजार पंजीकरण शुल्क एवं 25 हजार रुपए सिक्योरिटी राशि ली जाएगी। सुरक्षा राशि लेने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में लंगर समितियां अपने स्तर पर दो सफाई कर्मचारी भी उपलब्ध करा सकेंगी। हड़सर से श्री मणिमहेश तक स्थापित होने वाले सभी लंगरों एवं दुकानों की अनुमति, क्रम संख्या आबंटन एवं शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) भरमौर तथा वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) भरमौर के कार्यालयों के माध्यम से सम्पन्न होगी। लूणा से हड़सर तक लंगर लगाने की अनुमति उपमंडलाधिकारी भरमौर के कार्यालय द्धारा जारी की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

