होर्मुज स्ट्रेट में तीन जहाजों पर हमला, टैंकर बनाए निशाना, ईरान की समुद्री मार्ग चेतावनी की अनदेखी के बाद कार्रवाई
एजेंसियां — तेहरान
मिडल ईस्ट में एक बार फिर अनिश्चितता का माहौल गहराता जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य में तीसरे वाणिज्यिक (कॉमर्शियल) जहाज पर हमला किया गया है। इस घटना के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम विदाई के कार्यक्रम चल रहे हैं, लेकिन वहीं यूके की समुद्री एजेंसी ने दावा किया है कि बीते 24 घंटे के अंदर होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन टैंकरों पर हमला हुआ है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्र्स ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास कॉमर्शियल जहाजों पर मिसाइलें दागी। इससे पहले ईरान ने जहाजों को ओमान के पास अमरीका द्वारा स्वीकृत, लेकिन ईरान द्वारा अधिकृत नहीं किए गए समुद्री मार्ग का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी थी। यह दावा एक रिपोर्ट में किया गया है।
यूनाइटेड मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने बताया कि उसे सूचना मिली है कि ओमान के लिमाह तट से लगभग आठ समुद्री मील पूर्व एक तेल टैंकर के बाईं ओर से हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई। इस घटना में हालांकि किसी के हताहत होने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। ईरान का रुख स्पष्ट है कि जहाज ईरान के तय रास्ते पर नहीं चल रहा था और ओमान के पास जिस अनधिकृत रास्ते का इस्तेमाल किया गया, उसकी घोषणा ईरान से बिना तालमेल स्थापित किए हुए की गई थी।
धमकियां जारी रहीं, तो परमाणु वार्ता से मना कर देगा ईरान
तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने मंगलवार को कहा कि अगर ईरान के खिलाफ धमकियां जारी रहीं, तो वह अमरीका से किसी निर्णायक समझौते पर बातचीत नहीं करेगा। उनकी यह टिप्पणी अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमरीका या तो समझौता करेगा या फिर‘काम तमाम’कर देगा। अराघची ने ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के जनाजे के जुलूस की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि धमकियों से न तो ईरान की जनता डरने वाली है और न ही उसके सशस्त्र बल।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

