टूरिस्ट कारों के लिए बनी जगह पर ट्रकों का राज

By: Jul 11th, 2026 12:49 am

सुजानपुर की टूरिस्ट पार्किंग बदहाल, व्यवस्था पर उठी अंगुली
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर-दो में फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने स्थित टूरिस्ट कार पार्किंग सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान को पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग के लिए विकसित किया गया था, वहां अब टूरिस्ट कार पार्किंग का नाम और उद्देश्य दोनों ही लगभग गायब हो चुके हैं। उनका कहना है कि इस स्थान पर लंबे समय से भारी ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है, जबकि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग की सुविधा लगभग समाप्त हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुजानपुर ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी है। यहां नरबदेश्वर मंदिर, ऐतिहासिक चौगान और अन्य पौराणिक धरोहरों को देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।

ऐसे में उनके वाहनों के लिए बनाई गई पार्किंग यदि किसी अन्य उपयोग में आ रही है, तो यह पर्यटन सुविधाओं पर सीधा सवाल है। लोगों का आरोप है कि दिनभर इस स्थान पर ट्रक खड़े रहते हैं। यदि कोई पर्यटक अपनी कार लेकर पहुंचता है तो उसे निर्धारित पार्किंग का लाभ नहीं मिल पाता और मजबूरी में सडक़ किनारे वाहन खड़ा करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि यदि ट्रक यूनियन पलाही में संचालित है तो ट्रकों की नियमित पार्किंग वहीं क्यों नहीं होती। बड़ा सवाल फायर ब्रिगेड कार्यालय को लेकर भी उठ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार भारी वाहनों के कारण दमकल विभाग के आसपास पर्याप्त खुला स्थान नहीं रहता।

अवैध पार्किंग पर भडक़ी जनता
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, नगर परिषद और संबंधित विभागों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि पार्किंग स्थल का उपयोग निर्धारित नियमों के विपरीत हो रहा है तो उसे तत्काल खाली कराया जाए और टूरिस्ट कार पार्किंग को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप बहाल किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App