अमरीका का भारत के निवेश वाले चाबहार पोर्ट पर अटैक, कंट्रोल टावर को बनाया निशाना
एजेंसियां —तेहरान/वॉशिंगटन डीसी
अमरीका ने शुक्रवार को लगातार छठी रात ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इस दौरान भारत के निवेश वाले चाबहार पोर्ट को भी निशाना बनाया गया। हमले में पोर्ट के कंट्रोल (निगरानी) टावर को नुकसान पहुंचा है। अमरीकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कंट्रोल टावर के क्षतिग्रस्त होने की तस्वीर भी शेयर की है। ईरानी समाचार एजेंसी मेहर ने चाबहार पोर्ट और कंट्रोल टावर पर अमरीकी हमले की पुष्टि की है। पिछले एक हफ्ते में इस टावर पर यह तीसरा हमला है। अमरीकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि फाइटर जेट, ड्रोन और युद्धपोतों से ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया। हमलों में तटीय निगरानी केंद्र, एयर डिफेंस सिस्टम, सैन्य लॉजिस्टिक्स और समुद्री सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
चाबहार पोर्ट भारत के लिए रणनीतिक रूप से अहम है। भारत ने इसके विकास में निवेश किया है और इसका संचालन भारतीय कंपनी इंडिया पोट्र्स ग्लोबल लिमिटेड कर रही है। यह बंदरगाह भारत को पाकिस्तान को बायपास कर अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक व्यापारिक पहुंच उपलब्ध कराता है। इसके अलावा अमरीका ने शुक्रवार सुबह ईरान के खिलाफ अपने हमलों को और बढ़ाते हुए और पुलों, एनर्जी साइट्स को निशाना बनाया। ईरान के होरमोजगान प्रांत के बंदर खमीर क्षेत्र में दो पुलों पर अमरीकी हवाई हमलों में सात नागरिकों की मौत हो गई और अन्य नौ घायल हो गए हैं। अमरीकी हवाई हमलों में काहूरस्तान गांव के निकट स्थित एक पुल और शूर नदी पर बने दूसरे पुल को भी निशाना बनाया गया। इससे पहले बंदर अब्बास को लार शहर से जोडऩे वाला प्रमुख काहूरस्तान पुल अमरीकी हमले में क्षतिग्रस्त हो गया था। यातायात बहाल करने के लिए सडक़ निर्माण एजेंसियां वैकल्पिक मार्ग तैयार करने और पुल की मरम्मत का कार्य कर रही हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

