Weather Update: पंजाब में मानसून की रफ्तार सुस्त, आज 21 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
चंडीगढ़। पंजाब में मानसून के आगमन के बावजूद बारिश की रफ्तार धीमी बनी हुई है, जिससे उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। सबसे अधिक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण बताते हुए आठ और नौ जुलाई के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को राज्य के 21 जिलों में बारिश के आसार जताये गये हैं। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और पटियाला में कई स्थानों पर, जबकि तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और बठिंडा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहने के आसार हैं। भीषण गर्मी के कारण मंगलवार को राज्य में बिजली की मांग 15,003 मेगावाट तक पहुंच गयी। इसके मुकाबले राज्य का अपना बिजली उत्पादन 4,673 मेगावाट रहा, जबकि केंद्रीय पूल से 10,578 मेगावाट बिजली उपलब्ध करायी गयी। इस दौरान ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.05 हर्ट्ज दर्ज की गई।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के अनुसार सात जुलाई को भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,567.02 फुट दर्ज किया गया। बांध में 38,018 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जबकि 23,229 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पौंग बांध का जलस्तर 1,318.71 फीट रहा, जहां 17,875 क्यूसेक पानी की आवक और 15,500 क्यूसेक पानी की निकासी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पंजाब के शेष क्षेत्रों में भी पूरी तरह सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। वर्तमान में केवल दो जिले ऐसे हैं, जहां मानसून की पूरी तरह एंट्री बाकी है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

