क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मनाया विश्व हेपेटाइटिस दिवस
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला स्तरीय विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य लोगों को वायरल हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस लीवर को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है, जिसका समय पर उपचार करवाकर इससे होने वाली जटिलताओं से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस ए,बी,सी,डी और ई वायरस से होता है तथा हेपेटाइटिस-बी से बचाव के लिए सुरक्षित सिरिंज का उपयोग, असुरक्षित यौन संबंधों से बचाव, व्यक्तिगत वस्तुओं को साझा न करना और नवजात शिशुओं का समय पर टीकाकरण जरूरी है।
जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि हेपेटाइटिस के प्रमुख लक्षणों में बुखार, थकान, भूख न लगना, मतली, उल्टी, पेट दर्द, गहरे रंग का मूत्र, जोड़ों में दर्द और पीलिया शामिल हैं। उन्होंने हेपेटाइटिस ए व ई से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने, हाथ अच्छी तरह धोने और उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी। कार्यक्रम में हिमकैप्स नर्सिंग संस्थान बढ़ेड़ा और नंदा नर्सिंग संस्थान जनकौर की छात्राओं ने भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बीसीसी समन्वयक कंचन माला, नर्सिंग ट्यूटर रूचि शर्मा, पलक राणा, तनु मनकोटिया, तमन्ना शर्मा सहित दोनों संस्थानों की छात्राएं उपस्थित रहीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

