सोलन अस्पताल के बाहर सीवरेज लीक
गंदे पानी और दुर्गंध से मरीज-तीमारदार परेशान, अस्पताल प्रशासन ने मांगा स्थायी समाधान
निजी संवाददाता-सोलन
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के बाहर सीवरेज लीकेज की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सडक़ पर बह रहे गंदे पानी और फैल रही दुर्गंध के कारण मरीजों, उनके तीमारदारों तथा राहगीरों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पवार ने बताया कि सीवरेज लीकेज की समस्या से नगर निगम और जल शक्ति विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है।
दोनों विभागों की टीमें मौके का निरीक्षण भी कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं और ऐसे में अस्पताल के बाहर सीवरेज का गंदा पानी बहना गंभीर चिंता का विषय है। डॉ. पवार ने बताया कि अस्पताल प्रशासन अपने स्तर पर परिसर की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने का पूरा प्रयास कर रहा है, लेकिन सीवरेज लाइन की मरम्मत संबंधित विभागों के अधिकार क्षेत्र में आती है। उन्होंने दोनों विभागों से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उधर, अस्पताल पहुंचे मरीजों और तीमारदारों ने भी समस्या पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बरसात के दौरान गंदा पानी सडक़ पर फैल जाता है, जिससे आवाजाही मुश्किल हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जल शक्ति विभाग से संयुक्त रूप से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मरीजों और आम लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
