बॉर्डर पर उडक़र पहुंचेंगे गोला-बारूद, रक्षा मंत्रालय ने शुरू की लॉजिस्टिक ड्रोन खरीदने की प्रक्रिया
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारतीय सेना चीन और पाकिस्तान से सटी सीमाओं पर अपनी वॉर पावर बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। रक्षा मंत्रालय ने 2715 लॉजिस्टिक्स ड्रोन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भारतीय सेना के लिए आपूर्ति मिशनों के लिए ड्रोन की अब तक की सबसे बड़ी प्रस्तावित खरीद होगी। मंत्रालय ने इंडस्ट्री से जानकारी मांगने के लिए आरएफआई जारी किया है। इन ड्रोनों से दूर-दराज की सीमा चौकियों पर तैनात सैनिकों तक राशन, गोला-बारूद, चिकित्सा सामग्री और अन्य जरूरी सामान पहुंचाया जा सकेगा।
बता दें कि संघर्ष की स्थिति में रसद मार्ग अक्सर दुश्मन की निगरानी और गोलाबारी का पहला निशाना बनते हैं। ड्रोन आधारित आपूर्ति से सैनिकों को बिना जोखिम के जरूरी सामग्री मिल सकेगी। कठिन इलाके या बाधित मार्गों पर भी अलग-थलग पड़ी पोस्ट को बनाए रखा जा सकेगा। दुनिया भर के हालिया संघर्षों ने साबित किया है कि लॉजिस्टिक्स ड्रोन युद्ध के मैदान पर सहनशक्ति और प्रतिक्रिया क्षमता को काफी बढ़ा देते हैं। इससे मैदानी इलाकों से लेकर चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) और पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर ऊंचे पहाड़ी पोस्ट तक संचालन आसान होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
