ढली-नारकंडा रोड को 73.47 करोड़ मंजूर, एनएच-5 की 52.19 KM लंबी सडक़ पर होंगे सुरक्षा सुधार के बड़े काम
एनएच-5 की 52.19 किलोमीटर लंबी सडक़ पर होंगे सुरक्षा सुधार के बड़े काम
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
लोक निर्माण विभाग के एनएच विंग की ओर से सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजे ढली-नारकंडा रोड के सदृढ़ीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए मंत्रालय ने 73.74 करोड़ की राशि मंजूर की है। सडक़ पर होने वाले सुधारात्मक कार्यो को 18 माह के भीतर पूरा करने की डेडलाइन मंत्रालय ने तय की है। मंत्रालय ने एनएच-5 के ढली से नारकंडा के बीच तक के करीब 52.19 किलोमीटर लंबे हिस्से में सडक़ सुदृढ़ीकरण और सडक़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को मंजूरी दी है। इस राशि से सडक़ के इस हिस्से में रिटेनिंग वॉल, ब्रेस्ट वॉल तथा स्टील के थ्री-बीम क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सडक़ सुरक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक सुधार कार्य भी किए जाएंगे, जिससे बारिश और बर्फबारी के दौरान इस मार्ग पर आवाजाही अधिक सुरक्षित हो सके।
अहम है कि यह मार्ग शिमला, कुफरी, फागू, ठियोग, मतियाना और नारकंडा सहित ऊपरी शिमला के सेब उत्पादक क्षेत्रों को राजधानी और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। बता दें कि पीडब्ल्यूडी के एनएच विंग की ओर से सडक़ से जुड़ा 80 करोड़ से अधिक का प्रस्ताव मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेजा था। लिहाजा मंत्रालय ने तकनीकी एवं वित्तीय परीक्षण के बाद संशोधित लागत 73.47 करोड़ रुपए तय की गई। परियोजना की कुल लागत में 58.33 करोड़ वास्तविक निर्माण कार्य पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 15.14 करोड़ जीएसटी और अन्य वैधानिक मदों पर व्यय होंगे। प्री-कंस्ट्रक्शन गतिविधियों के लिए अलग से कोई राशि निर्धारित नहीं की गई है। उधर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल ढली-नारकंडा सडक़ के सुधारीकरण के लिए सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की आवाज को हमेशा पूरी मजबूती के साथ उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए हरसंभव सहयोग केंद्र सरकार से लेने का प्रयास यंू ही जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
