नशा रोकने को 27 अति संवेदनशील पंचायतों की पहचान
बिलासपुर कालेज में नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम में बोले डीसी; कहा, युवाओं को सही रास्ता दिखाना रहेगा लक्ष्य
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बिलासपुर
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान एवं प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम के अंतर्गत आज राजकीय डिग्री कालेज बिलासपुर में एक संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर किया गया। उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का एक भावनात्मक एवं सामाजिक संदेश भी है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज के समक्ष दो प्रमुख चुनौतियां हैं जिनमें युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति तथा वरिष्ठ नागरिकों की उपेक्षा शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्व समय में संयुक्त परिवारों में दादा-दादी एवं अन्य वरिष्ठजनों को सम्मान, सुरक्षा एवं अपनापन प्राप्त होता था, परंतु एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण पीढिय़ों के बीच दूरी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वह अपने दादा-दादी एवं परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ समय व्यतीत करें, उनके अनुभवों से सीखें तथा उन्हें सम्मान एवं स्नेह प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में नशे की रोकथाम के उद्देश्य से 27 अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों की पहचान की गई है, जहां विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इन पंचायतों में दीवार लेखन, स्लोगन लेखन, नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, खेलकूद गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्राम सभाएं, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के सफल संचालन हेतु सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संबंधित पंचायतों को जागरूकता गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई गई है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन प्रहार कार्यक्रम के माध्यम से जन-जागरूकता, समुदाय आधारित रोकथाम, परामर्श, पुनर्वास, विभिन्न विभागों के समन्वय तथा नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
