डमटाल में नशा तस्करी के आरोपी का घर तोड़ा
एनडीपीएस मामले के आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने गिराया अवैध कब्जा
टीम- इंदौरा, डमटाल, नूरपुर
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एनडीपीएस मामलों के आरोपी शशि कुमार पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी डमटाल के अवैध निर्माण घर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में संबंधित विभाग द्वारा पुलिस की मौजूदगी में की गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी शशि कुमार के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेशों के बाद संबंधित विभाग ने अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जिला नूरपुर द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
पूरे अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। प्रशासनिक कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज में अपराध तथा नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस समन्वय के साथ कार्रवाई करती रहेगी।
गैर जमानती वारंट में महिला गिरफ्तार, अदालत में किया पेश
धर्मशाला। पालमपुर पुलिस ने गैर जमानती वारंट के तहत शिवानी चौहान निवासी पट्टी दा बदेहर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला के विरुद्ध दो मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार अदालत में पेश किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
