कोहली से भगेड़ तक 36 किलोमीटर बनेगा फोरलेन, हाई-वे की अलाइनमेंट अप्रूवल के लिए हाई अथॉरिटी को भेजी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
हिमाचल की लाइफ लाइन कहे जाने वाले कांगड़ा-शिमला फोरलेन के दो पैकेज का काम लगभग पूरा हो चुका है। उधर, हमीरपुर में कोहली से आगे बिलासपुर के भगेड़ तक फिलहाल ग्राउंड पर अभी कोई काम नहीं हुआ है, लेकिन एनएचएआई कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि कोहली से भगेड़ तक 36 किलोमीटर हाई-वे बनेगा। इसकी अलाइनमेंट को अप्रूवल के लिए एनएचएआई की दिल्ली स्थित हाई अथॉरिटी के पास भेजा गया है। अप्रूवल मिलने के उपरांत रोड का थ्री डी सर्वे होगा और उसके बाद भू-अधिग्रहण का कार्य शुरू किया जाएगा। माना जा रहा है कि कोहली से भगेड़ तक हाई-वे के वन जाने के बाद करीब सात से आठ किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। हमीरपुर से कांगड़ा तक 62 किलोमीटर का हाई-वे लगभग कंप्लीट हो चुका है। हमीरपुर के चीलबाहल से लेकर कांगड़ा तक हाई-वे को वाहनों के लिए खोल दिया गया है।
कांगड़ा में टनल के पास थोड़ा काम शेष है। हमीरपुर में चीलबाहल से आगे कोहली तक लगभग 17 किलोमीटर मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए अभी पूरी तरह से बंद है, क्योंकि एक बड़े पुल का काम चला हुआ है। कांगड़ा से कोहली तक रोड का काम लगभग हो चुका है। कोहली से आगे जिला बिलासपुर के भगेड़ तक अभी काम शुरू नहीं हुआ है। भगेड़ से आगे नौणीचौक तक 15 किलोमीटर का फोरलेन कंप्लीट हो चुका है। दरअसल यह कीरतपुर-नेरचौक में आता है जो कि वाहनों के लिए खुला हुआ है, जबकि नौणी चौक से भराड़ीघाट तक साढ़े 17 किलोमीटर फोरलेन का काम भी जोर-शोर से चला हुआ है।
कंस्ट्रक्शन को लेकर लोगों मेंं असमंजस
कोहली से आगे भगेड़ तक जो 36 किलोमीटर हाई-वे बनना है उसका फाइनल सर्वे न होने के कारण लोगों में फिलहाल असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दरअसल जिन्होंने कंस्ट्रक्शन करनी है, वे इस डर से काम शुरू नहीं कर रहे हैं कि ऐसा न हो कि जहां पर वे काम शुरू करें वहीं से रोड बनना हो।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
