गुलेल में टेस्ट पिट खोदकर जाईका की टीम ने सडक़ की परखी गुणवत्ता, परतों की मोटाई देखी

By: Aug 6th, 2026 12:48 am

निजी संवाददाता-सलूणी
जायका की तकनीकी टीम ने ग्राम पंचायत पिछला डियूर के गुलेल गांव का दौरा कर सडक़ पक्कीकरण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने सडक़ पर टेस्ट पिट खोदकर निर्माण की गहराई, परतों की मोटाई, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान फोटो और वीडियो के माध्यम से पूरा रिकॉर्ड भी तैयार किया गया। टीम ने पंचायत उपप्रधान भीलो राम को निर्देश दिए कि सडक़ निर्माण कार्य जायका द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण संदेश उर्फ संजू ने जायका टीम के सदस्य भानू प्रताप के समक्ष बीज उपलब्ध न होने की समस्या भी उठाई। इस पर भानू प्रताप ने आश्वासन दिया कि भविष्य में आवश्यकता होने पर ग्रामीण सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं और बीज उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर लंबरदार राजेश शर्मा सहित अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App