फीस वृद्धि पर एबीवीपी का आंदोलन तेज
चौथे दिन भी जारी रहा क्रमिक अनशन, फैसला वापस नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। फीस वृद्धि के विरोध में शुरू किया गया एबीवीपी का अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन चौथे दिन गुरूवार को जारी रहा। परिषद ने चेतावनी दी है कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार ने समय रहते फीस बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने बताया कि विश्वविद्यालय में अलग-अलग फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि छात्रों को मिलने वाली बेसिक सुविधाएं अब भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं।
ऐसे में एकमुश्त इतनी बड़ी फीस बढ़ोतरी को छात्र हित में नहीं माना जा सकता। यहां बच्चों को घर जाने तक के लिए बस नहीं मिलती। इतना ही नहीं, हॉस्टल के हालत बेहद खराब हैं। एबीवीपी का कहना है कि विश्वविद्यालय में प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले छात्र पढ़ाई करते हैं। फीस में इतनी बड़ी बढ़ोतरी का सीधा असर इन छात्रों और उनके परिवारों पर पड़ेगा। एबीवीपी ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस बढ़ोतरी के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि अगर फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई, तो क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में बदला जा सकता है। परिषद का कहना है कि छात्रों की मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को प्रदेश के दूसरे विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों तक भी ले जाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
