जन्म के बाद शिशु को सबसे पहले पिलाएं मां का दूध, शहद या अन्य चीजें नहीं

By: Aug 7th, 2026 12:01 am

हिमोत्कर्ष महिला मंच ने स्तनपान सप्ताह पर चलाया जागरूकता अभियान, गर्भवती महिलाओं को स्तनपान के महत्त्व की दी विस्तृत जानकारी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – ऊना
विश्व स्तनपान जागरूकता सप्ताह के उपलक्ष्य में हिमोत्कर्ष महिला मंच व संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान ऊना द्वारा कंवर मल्टी स्पैशियलिटी अस्पताल ऊना में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कंवर अस्पताल के एमडी व वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.जगदीश्वर कंवर मुख्य अतिथि के रूप से उपस्थित हुए,जबकि आयुष विभाग से स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.जागृति दत्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए महिलाओं को जागरूक किया। कार्यशाला में गर्भवती महिलाओं को संबोधित करते हुए डा. जगदीश्वर कंवर ने नवजात शिशुओं के लिए मां के दूध के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि जच्चा का दूध बच्चे के लिए अमृत के सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि नवजात बच्चों को छह माह तक केवल मां का दूध ही पिलाना चाहिए। स्तनपान प्रत्येक बच्चे को जीवन की बेहतरीन शुरुआत में मददगार होता है। जन्म के 1 घंटे के भीतर शीघ्र स्तनपान शुरू करवाने से शिशु मृत्यु दर में कमी होती है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म लेने के साथ ही उसे शहद या अन्य कोई भी पदार्थ खिलाने से पहले उसे सबसे पहले मां का दूध पिलाना चाहिए। कार्यशाला में मुख्य वक्ता आयुष विभाग से स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.जागृति दत्ता ने उपस्थित महिलाओं को स्तनपान के बारे में आवश्यक जानकारियां दी। इस अवसर पर हिमोत्कर्ष महिला मंच की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूपा ठाकुर ने महिलाओं को इस संबध में किसी प्रकार की भ्रांतियों में न पडऩे की भी सलाह दी। हिमोत्कर्ष महिला मंच की सदस्य मंजू मनकोटिया ने सबका स्वागत किया जबकि महिला मंच सदस्य रंजना जसवाल ने धन्यावाद प्रस्ताव पेश किया,वहीं प्रेस सचिव रमा कंवर ने मंच संचालन किया।

पौधे भी भेंट किए

कार्यक्रम में डा. बीरवल ठाकुर, हिमोत्कर्ष महिला मंच की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूपा ठाकुर, हिमोत्कर्ष महिला मंच सदस्य रंजना जसवाल,मंजू मनकोटिया, रमा कंवर, कविता गोयल, मनीषी ठाकुर, डा.जागृति दत्ता, हिमोत्कर्ष प्रशिक्षण संस्थान की उपप्रधानाचार्य रंजू बाला, प्रशिक्षक मीना ठाकुर, निशा के अलावा 100 से अधिक महिलाएं व छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यशाला के दौरान महिला मंच सदस्यों ने चिक्तिसकों को पौधे भी भेंट किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App