सोलन में चिट्टे की कमाई पर चला बुलडोजर, नशा तस्करों पर पुलिस का डंडा, होटल से प्लॉट तक 2.43 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

By: Aug 7th, 2026 12:07 am

निजी संवाददाता-सोलन

जिला सोलन में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने गुरुवार को कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि वर्ष 2026 के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 99 मामले दर्ज किए हैं और 205 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 157 हिमाचल प्रदेश, 15 हरियाणा, 19 पंजाब, सात चंडीगढ़, दो बिहार, चार नेपाली तथा एक विदेशी नागरिक शामिल है। अभी तक पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब एक किलो 300 ग्राम हेरोइन, चार किलो 847 ग्राम चरस सहित अन्य नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं।

इसी क्रम में धर्मपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में दर्ज एक मामले की जांच के आधार पर आरोपी की करीब 2.50 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 और 2026 में दो-दो मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि उसने अवैध कमाई से दो वाहन, एक कार, एक अन्य वाहन, सनावर के पास स्थित होटल, एक मकान का नवीनीकरण, भूमि और प्लॉट में निवेश तथा डाक विभाग में जमा धनराशि अर्जित की थी। इन सभी संपत्तियों को दो दिन पहले फ्रीज कर जब्त कर लिया गया। इसके अतिरिक्त दाड़लाघाट थाना क्षेत्र में लगभग 47 लाख तथा परवाणू क्षेत्र में करीब 65 लाख की अवैध संपत्ति भी जब्त की गई है।

साल 2022 के मामले पर कार्रवाई

सोलन पुलिस ने थाना धर्मपुर में वर्ष 2022 में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी वित्तीय कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत शर्मा और उससे जुड़े लोगों की 2.43 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज कर दी हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि नशा तस्करी से अर्जित धनराशि को होटल के नवीनीकरण, मकान निर्माण, भूमि व प्लॉट खरीदने, दो वाहनों की खरीद तथा डाक विभाग में निवेश किया गया था। वर्ष 2022 में 6.37 ग्राम और वर्ष 2026 में चार ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद विस्तृत वित्तीय जांच की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App