Punjab News : सीनियर सेक्शन इंजीनियर रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार

By: Aug 7th, 2026 12:08 am

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की ब्रिज वर्कशॉप में सीबीआई की रेड

निजी संवाददाता — जालंधर

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर उस समय हडक़ंप मच गया, जब खबर सामने आई की सीबीआई की टीम ने कैंट स्थित ब्रिज वर्कशॉप में रेड की है। जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को 66 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ से आई सीबीआई की टीम द्वारा की गई है। जानकारी के मुताबिक सीबीआई इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन स्थित ब्रिज वर्कशॉप में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलिंद को 66 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। कहा यह भी जा रहा है कि रेलवे के ही एक ठेकेदार द्वारा सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलिंद के खिलाफ सीबीआई को शिकायत की गई थी।

शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और जालंधर कैंट में कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने आरोपी इंजीनियर मिलिंद को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ चंडीगढ़ ले गई। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। वहीं इस संबंध में थाना आरपीएफ के इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई सीबीआई की टीम द्वारा की गई है। इस मामले में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। विस्तृत जानकारी सीबीआई के चंडीगढ़ दफ्तर से ही मिल सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App