मुख्य मार्गों पर शिफ्ट होंगी बैंक शाखाएं
102वें स्थापना दिवस पर जोगिंद्रा बैंक का बड़ा फैसला; डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा, 21.58 करोड़ का शुद्ध लाभ
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अपनी स्थापना के 102 वर्ष पूरे होने पर जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक ने ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने और कारोबार के विस्तार के लिए कई अहम फैसलों की घोषणा की है। बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने अर्की में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि बदलते समय और डिजिटल बैंकिंग की जरूरतों को देखते हुए मुख्य मार्ग से दूर स्थित शाखाओं को चरणबद्ध तरीके से सडक़ के समीप स्थानांतरित किया जाएगा। पहले चरण में जयनगर, कुनिहार, भराड़ीघाट और अर्की शाखाओं को नए भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 21.58 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो पिछले वर्ष से 1.56 करोड़ रुपए अधिक है।
बैंक की कुल जमा राशि 1,427 करोड़ से बढक़र 1,517 करोड़ रुपए और ऋण वितरण 711 करोड़ से बढक़र 744 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं बैंक की नेटवर्थ 140 करोड़ से बढक़र 164 करोड़ रुपए पहुंच गई है। मुकेश शर्मा ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के मुकाबले बैंक का सीआरएआर 19.9 प्रतिशत है, जबकि नेट एनपीए शून्य प्रतिशत है, जो बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति और प्रभावी प्रबंधन का प्रमाण है। उन्होंने बैंक के ग्राहकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। बैंक से जुड़े आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग की जांच में बैंक को क्लीन चिट मिल चुकी है। यदि भविष्य में बैंक की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
