ऊना में बैंकों ने बांटे 1,203.64 करोड़ के लोन

By: Aug 25th, 2026 12:01 am

जिला स्तरीय बैंक सलाहकार समिति जिला में जून तिमाही तक का दिया ब्यौरा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय बैंक सलाहकार समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त ऊना ईशांत जसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को डीआरडीए हॉल में आयोजित की गई। बैठक में जून तिमाही 2026 तक जिले के बैंकों की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। एडीसी ने बताया कि जिले के बैंकों ने 690.40 करोड़ के पहली तिमाही ऋण लक्ष्य के मुकाबले 1,203.64 करोड़ के ऋण वितरित कर निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि जिले में बैंकों की कुल जमा राशि बढक़र 17,120.97 करोड़ हो गई है, जिसमें 10.70 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, कुल ऋण राशि 16.19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,535.56 करोड़ हो गई है।

जिले का ऋण-जमा अनुपात 32.33 प्रतिशत रहा, जो राष्ट्रीय लक्ष्य से कम है। इसके लिए उन्होंने सभी बैंकों एवं संबंधित सरकारी विभागों को ऋण-जमा अनुपात में सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए कहा कि जिले में कृषि ऋण 1,032.36 करोड़ है, जो कुल ऋण का 18.65 प्रतिशत है। उन्होंने बैंकों को किसानों की आय बढ़ाने, कृषि यंत्रीकरण, कृषि अवसंरचना तथा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण वितरण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। खेती बचाओ अभियान के तहत सभी बैंकों को कृषिका ऐप के माध्यम से नए किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा पात्र किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App