मां का दूध शिशु का पहला प्राकृतिक टीका
विश्व स्तनपान सप्ताह: हमीरपुर में माताओं को किया जागरूक, मेहंदी प्रतियोगिता के साथ दिया स्तनपान का संदेश
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर के सौजन्य से शहरी क्षेत्र की आंगनबाड़ी केंद्र वार्ड संख्या-8 में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह सप्ताह एक से सात अगस्त तक मनाया जाता है। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले भर में जन जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य स्तनपान को बढ़ावा देना तथा माताओं और शिशुओं के लिए सहयोगी वातावरण को मजबूत करना है। इस अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 10 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में शिखा ने प्रथम, महक ने द्वितीय तथा दीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से आए जिला शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी सुनील कुमार रांगड़ा ने अपने संबोधन में बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराना तथा पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के संपूर्ण विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर पोषण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
छह माह के बाद ऊपरी आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित एवं संपूर्ण आहार है। इससे डायरिया, निमोनिया और अन्य संक्रमणों का खतरा कम होता है तथा शिशु का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है। साथ ही स्तनपान माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी परिवारों से अपील की है कि वे स्तनपान को प्रोत्साहित करें और माताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रत्येक शिशु को जीवन की स्वस्थ शुरुआत मिल सके। इस अवसर पर बीसीसी को-ऑर्डिनेटर सलोचना देवी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि मां का दूध शिशु के लिए पहला प्राकृतिक टीकाकरण है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि शिशु को पर्याप्त मात्रा में मां का दूध मिलता है, तो उसका शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है। नियमित स्तनपान कराने से स्तन कैंसर एवं गर्भाशय से संबंधित कुछ प्रकार के कैंसर का जोखिम कम हो सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
