कॉल डिटेल खोलेगी अग्रिवीर भर्ती ठगी का राज, दो दलाल गिरफ्तार; परतें खुलने की उम्मीद

By: Aug 8th, 2026 10:06 pm

मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

धर्मशाला में पकड़े गए दलालों के मामले में नया मोड़ 

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

धर्मशाला में सेना की अग्निवीर भर्ती के दौरान भोले-भाले युवाओं को ठगने वाले दलालों के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपियों में से एक, पंजाब की पटियाला पुलिस का वांटेड अपराधी निकला है। शनिवार को पटियाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मुख्य आरोपी रमन को अपनी कस्टडी में ले लिया है। अब धर्मशाला पुलिस इन शातिरों की कॉल डिटेल खंगालकर इस पूरे फर्जीवाड़े के बड़े नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुट गई है।

सेना की पारदर्शी व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश करने वाले हरियाणा के करनाल निवासी 27 वर्षीय रमन (पुत्र बलवान सिंह) और 30 वर्षीय शुभम (पुत्र रमेश) को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। रमन पहले से ही आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और वह पटियाला पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल था। धर्मशाला में उसकी गिरफ्तारी की भनक लगते ही पंजाब पुलिस तुरंत हरकत में आई। शनिवार को पटियाला पुलिस आरोपी रमन को जांच के लिए अपने साथ ले गई है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने युवाओं से आह्वान किया है कि वह किसी के झांसे में न आएं।

700 उम्मीदवारों की सूची तैयार की थी

धर्मशाला में हुई अग्निवीर भर्ती के दौरान आरोपियों ने करीब 700 उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली थी। इसमें लिखित परीक्षा और चिकित्सा जांच में बाहर हो चुके अभ्यर्थी भी शामिल थे। उन्हें सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर दो, तीन और पांच लाख रुपए तक ठगने की तैयारी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी केवल उम्मीदवारों का मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी ही नहीं जुटा रहे थे, बल्कि कुछ मामलों में उनके मूल दस्तावेज भी अपने पास रख लेते थे। उम्मीदवारों पर दबाव बनाने और रकम ऐंठने की साजिश थी।

मिलट्री इंटेलिजेंस टीम ने किया बड़ा पर्दाफाश

आर्मी अग्निवीर भर्ती के दोनों आरोपियों को मिलिट्री इंटेलिजेंस धर्मशाला छावनी की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एमआई के सूबेदार उमेश चंद्र ध्यानी, हवलदार संजीव कुमार और सिपाही अर्शदीप सिंह सिद्धू शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App