इंस्टा-टेलिग्राम पर नीट पीजी पेपर लीक के दावे झूठ

By: Aug 25th, 2026 12:08 am

नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज ने अलर्ट किए उम्मीदवार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट, पोस्टग्रेजुएट (नीट पीजी) को लेकर सोशल मीडिया पर पेपर लीक की खबरें वायरल हो रही हैं। इन खबरों के बीच नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। बोर्ड ने नीट पीजी का पेपर लीक होने की सभी खबरों और दावों को फर्जी और धोखाधड़ी वाला बताया है। एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को ऐसे सोशल मीडिया चैनलों और हैंडल से सावधान रहने की सलाह दी है, जो नीट पीजी 2026 का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं। एनबीईएमएस ने पेपर लीक से जुड़े दावों को खारिज कर दिया है। बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स और व्हाट्सऐप चैनल के जरिए जारी बयान में कहा गया है कि नीट पीजी का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करने वाले टेलिग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप चैनल फर्जी हैं।

नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज ने उम्मीदवारों को खास तौर पर उन फर्जी सोशल मीडिया हैंडल, दावों और विज्ञापनों से सतर्क रहने को कहा है, जो ‘लीक’ हुआ नीट पीजी 2026 प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करते हैं। बोर्ड के मुताबिक ऐसे दावे झूठे और धोखाधड़ी वाले हैं। इनका उद्देश्य उम्मीदवारों को गुमराह करना है। इसलिए उम्मीदवारों को किसी भी व्यक्ति या चैनल को पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे नहीं देने चाहिए और ऐसी जानकारी पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

30 अगस्त को परीक्षा

नीट पीजी परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी। परीक्षा कम्प्यूटर आधारित मोड में होगी। उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दिए गए परीक्षा केंद्र और अन्य निर्देशों को ध्यान से जांच लेना चाहिए। नीट पीजी 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पहली जुलाई, 2026 से शुरू हुई थी। आवेदन की अंतिम तारीख 21 जुलाई थी। इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन में सुधार के लिए निर्धारित अवधि दी गई थी। उम्मीदवारों को नीट पीजी 2026 से जुड़ी जानकारी के लिए केवल नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App