कनेक्शन काटे तो भडक़े उपभोक्ता, अब बोर्ड के खिलाफ आंदोलन की तैयारी
‘पुराना मीटर ही ठीक’; स्मार्ट मीटर पर हमीरपुर में छिड़ी जंग, बिजली कनेक्शन कटे तो एसपी के दरबार पहुंचे उपभोक्ता
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
स्मार्ट बिजली मीटर लगाने को लेकर हमीरपुर में विवाद बढ़ता जा रहा है। शहर के गौड़ा क्षेत्र में कुछ उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने के बाद विद्युत बोर्ड की ओर से कथित तौर पर उनके बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने वीरवार को उपभोक्ता कल्याण मंच के साथ पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। उपभोक्ताओं ने विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों पर डराने धमकाने तथा उनकी इच्छा के विरुद्ध स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर पहले उन्हें नोटिस दिए गए और इसके बाद उनके बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
उनका आरोप है कि बिजली जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित कर उन पर स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बनाया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों और कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ता कल्याण मंच के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें अंधेरे में रखा जा रहा है। ठाकुर के अनुसार हमीरपुर शहर के एक अन्य क्षेत्र में भी कुछ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे।
उन्होंने दावा किया कि एक परिवार को करीब एक माह तक बिजली के बिना रहना पड़ा और बाद में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद उनकी बिजली आपूर्ति बहाल हुई। सुरेश ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ता अपने पुराने मीटर ही रखना चाहते हैं और जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक से विद्युत बोर्ड तथा स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि काटे गए बिजली कनेक्शन जल्द बहाल नहीं किए गए तो उपभोक्ता कल्याण मंच और स्थानीय लोग विद्युत बोर्ड के अधिकारियों का घेराव करेंगे तथा कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। वहीं गौड़ा निवासी प्रकाश गौतम ने बताया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने के कारण उनके चार बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कनेक्शन काटने वाले जि मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुरुषोत्तम प्रकाश ने कहा कि जब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते तो उन पर इसे क्यों थोपा जा रहा है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
उपभोक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि उनके कनेक्शन बहाल नहीं किए गए और स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव जारी रहा तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
