मैहरे में अतिक्रमण पर वार, कमेटी ने दी वॉर्निंग
टियाले की पवित्रता और बाजार की व्यवस्था बचाने को आगे आए स्थानीय लोग
निजी संवाददाता – बड़सर
उपमंडल बड़सर के मैहरे क्षेत्र स्थित बाबा पहाडिय़ा टियाले और सार्वजनिक रास्तों पर लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर बाजार कमेटी और स्थानीय निवासियों ने कड़ा संज्ञान लिया है। टियाले के समीप और मुख्य सडक़ के किनारे प्रवासियों द्वारा दुकानें सजाने, मेहंदी लगाने तथा फलों के खाली क्रेट रखने से क्षेत्र में काफी अव्यवस्था फैल रही है। इसके कारण बाजार में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता को हर दिन भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमणकारियों को बार-बार आगाह किए जाने के बावजूद जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो स्थानीय निवासियों ने मैहरे बाजार कमेटी के उपप्रधान सतीश राठौर को इस समस्या से अवगत कराया।
शिकायत मिलते ही उप प्रधान सतीश राठौर और स्थानीय निवासी गोपाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रवासियों को टियाले व सार्वजनिक स्थलों से अपनी दुकानें हटाने का निर्देश दिया और भविष्य में यहां अतिक्रमण या गंदगी न फैलाने की सख्त चेतावनी दी। बाजार कमेटी ने स्पष्ट किया है कि बाबा पहाडय़िा पीपल के पेड़ की धार्मिक आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में कोई सार्वजनिक स्थान पर दुकान लगाता है या कचरा फैलाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी व सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कोई गंदगी फैलाता है या अतिक्रमण करता है, तो तुरंत बाजार कमेटी से संपर्क करें।
समय-समय पर करें निरीक्षण
बाजार कमेटी और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। साथ ही, दुकानदारों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी दुकानों के बाहर इन लोगों को न बैठाएं और आम जनता भी इस व्यवस्था परिवर्तन में अपना सहयोग दे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
