दो दिन में सुधारो नूरपुर आईटीआई की सडक़

By: Aug 6th, 2026 12:50 am

बदहाल मार्ग पर छात्रों का फूटा गुस्सा, एसडीएम दफ्तर के बाहर धरने ने दी धमकी
कार्यालय संवाददाता- नूरपुर
लगातार हो रही बारिश के बाद आईटीआई नूरपुर को जाने वाला मुख्य मार्ग एक बार फिर दलदल में तब्दील हो गया है। सडक़ पर कीचड़, गहरे गड्ढों और बिखरे पत्थरों के कारण विद्यार्थियों, स्थानीय ग्रामीणों तथा दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सडक़ की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी जोखिम भरा बन गया है। बुधवार को आईटीआई नूरपुर के बड़ी संख्या में छात्र अपनी समस्या लेकर एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा से मिले और उन्हें सडक़ की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। छात्रों ने बताया कि प्रत्येक बारिश के बाद यह मार्ग पूरी तरह दलदल में बदल जाता है, जिससे रोजाना संस्थान पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है। यही रास्ता आसपास के ग्रामीणों के लिए भी मुख्य संपर्क मार्ग है, लेकिन इसकी जर्जर हालत के कारण उन्हें भी रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

छात्रों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि यदि अगले एक-दो दिन के भीतर सडक़ की मरम्मत शुरू नहीं की गई, तो वे एसडीएम कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना देने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या उठाने के बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इस दौरान एसडीएम अरुण शर्मा ने छात्रों की शिकायत को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कहीए ताकि विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App