कांटीमश्वा में 1.27 करोड़ से बने पीएचसी का लोकार्पण

By: Aug 6th, 2026 12:50 am

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले, तीन पंचायतों को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य लाभ, शिलाई क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाएं प्रगति पर
निजी संवाददाता-कफोटा
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान 1.27 करोड़ की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कांटीमश्वा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। उद्योग मंत्री ने कहा कि नए भवन से आसपास की तीन पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि पीएचसी कमरऊ, सतौन, चांदनी और कोटा पाब के भवनों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जहां चिकित्सकों के आवास की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और फार्मासिस्ट उपलब्ध हैं, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उद्योग मंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के सतौन उपमंडल के अंतर्गत करीब 70 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

इनमें सडक़ निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों के भवन, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। वहीं 19 करोड़ रुपए की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने कांटीमश्वा, कमरऊ और बड़वास के सामुदायिक भवनों के लिए 15-15 लाख रुपए, खिल रोड के लिए तीन लाख रुपये तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पुस्तकालय के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही स्कूल की चारदीवारी और खड्ड पर पुल निर्माण का भी आश्वासन दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App