अंब जोन में बेटियों का जलवा, पांच खेलों में चैंपियन तय
गिंडपुर मलौन से सलोई तक चमकी बेटियां, फाइनल में दिखाया दम
स्टाफ रिपोर्टर – अंब
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिपोह मिसरां में आयोजित अंब जोन की अंडर-14 छात्राओं की 67वीं खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता में छात्राओं ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वालीबाल के फाइनल मुकाबले में पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल मैड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गिंडपुर मलौन की टीमें आमने-सामने हुईं। गिंडपुर मलौन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। डीएसएसए उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर गौतम ने बताया कि बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रपोह मिसरां और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमोकला प्रीतम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें अमोकला प्रीतम की टीम विजेता रही। उन्होंने बताया कि शतरंज के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रपोह मिसरां ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैहरी को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। खो-खो के फाइनल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैहरी ने राजकीय उच्च पाठशाला भैरा को पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की।
सलोई स्कूल का जलवा
कबड्डी के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चक्क सराय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोई की टीमें आमने-सामने हुईं। इस मुकाबले में सलोई स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
