राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर एचपीयू में मंथन

By: Aug 7th, 2026 12:02 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, शैक्षणिक समन्वय और संबद्ध महाविद्यालयों से जुड़े अकादमिक एवं प्रशासनिक विषयों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और कालेज प्राचार्यों के बीच महत्वपूर्ण संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। कुलपति प्रो. महावीर सिंह के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने की। बैठक में प्रो. बीके शिवराम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक समावेशी, लचीला और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि नीति के सभी प्रावधानों को संबद्ध महाविद्यालयों में प्रभावी और एकरूप तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने प्राचार्यों की ओर से उठाए गए सवालों और सुझावों का विस्तार से जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। बैठक में कॉमन अकादमिक कैलेंडर के निर्माण और क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। प्राचार्यों ने इस संबंध में अपने सुझाव रखे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक गतिविधियों में एकरूपता, समयबद्धता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसएल कौशल ने परीक्षा संचालन, परिणाम घोषणा और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर प्राचार्यों की चिंताओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। बैठक में महाविद्यालयों की संबद्धता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिष्ठाता अध्ययन ने आश्वासन दिया कि कॉलेजों की समस्याओं और सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन और प्राचार्यों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर समन्वय और विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सहमति जताई। प्राचार्यों ने इस तरह की संवादात्मक बैठकों को भविष्य में भी जारी रखने का सुझाव दिया। इस अवसर पर अधिष्ठाता महाविद्यालय विकास परिषद प्रो. हरि मोहन, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. आरएल जिंटा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसएल कौशल सहित विभिन्न कालेजों के प्राचार्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App