डीसी ऑफिस के बाहर दस अगस्त को सांकेतिक धरना देंगे भाखड़ा विस्थापित

By: Aug 6th, 2026 12:52 am

मांगें पूरी न होने पर टूटा सब्र का बांध; छह दशक बाद भी पुनर्वास और अधिकारों की लड़ रहे लड़ाई, अब उतरेंगे सडक़ों पर
निजी संवाददाता-भगेड़ बिलासपुर
जिला ग्रामीण भाखड़ा विस्थापित सुधार समिति की बैठक बुधवार को ग्राम पंचायत बल्हबलवाणा में पंचायत प्रधान इंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समिति के प्रधान देशराज शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान भाखड़ा विस्थापितों की वर्षों से लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रदेश और केंद्र सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया गया। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से विभिन्न माध्यमों से अपनी मांगें सरकार और प्रशासन के समक्ष रखी जा रही हैं लेकिन आज तक किसी भी मुद्दे का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भाखड़ा विस्थापितों की मांगों को लेकर 10 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।

धरने के उपरांत उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी सरकार ने कोई सकारात्मक और ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आगामी रणनीति की घोषणा की जाएगी। समिति के प्रधान देशराज शर्मा ने कहा कि 9 अगस्त 1960 को पहली बार भाखड़ा बांध में पानी भरना शुरू हुआ था और उसी दिन से हजारों परिवारों का जीवन पूरी तरह बदल गया। उन्होंने कहा कि छह दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बड़ी संख्या में भाखड़ा विस्थापित परिवार आज भी भूमि, पुनर्वास, मूलभूत सुविधाओं और अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहीं।

मछुआरा समुदाय के हितों पर भी मंथन
समिति ने मछुआरा समुदाय के हितों की सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही गोविंद सागर झील को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर स्थानीय ग्रामीण विस्थापितों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए।

इन्होंने दर्ज कराई उपस्थिति
बैठक में पंचायत उपप्रधान सतीश, समिति के उपाध्यक्ष बलदेव ठाकुर, महासचिव श्रीराम चौहान, सचिव चिरंजी लाल शर्मा, प्रेम सिंह राणा, बालक राम, नानक चंद, नंदलाल, लेखराम, हरि राम, इंद्र सिंह चौहान, नंद लाल चौहान, मीरा देवी, लीला देवी सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App