एरियर, डीए और मेडिकल भत्ते का जल्द करो भुगतान

By: Aug 6th, 2026 12:51 am

बनीखेत बैठक में गूंजे पेंशनरों के मुद्दे, सरकार की कार्यप्रणाली, गैस एजेंसी और अस्पताल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
हिम आंचल पेंशनर संघ, बनीखेत ब्लॉक की बैठक मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, बनीखेत में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान एम.एल. अरोड़ा ने की, जबकि संचालन जे.पी. ठाकुर ने किया। बैठक में पेंशनरों की लंबित वित्तीय मांगों के अलावा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पेंशनरों ने कहा कि एक जनवरी 2016 से एक जनवरी 2022 तक का एरियर अभी तक पूरी तरह जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 15 हजार रुपये तक की बेसिक पेंशन वाले पारिवारिक पेंशनरों तथा 25 हजार रुपये तक की बेसिक पेंशन वाले पेंशनरों को आंशिक भुगतान किया है, लेकिन इससे अधिक बेसिक पेंशन पाने वाले पेंशनरों को अब तक एरियर, ग्रेच्युटी और अन्य वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। उन्होंने लंबे समय से लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) और मेडिकल भत्ता भी शीघ्र जारी करने की मांग की। बैठक में डलहौजी गैस एजेंसी की आपूर्ति व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई गई।

पेंशनरों का कहना था कि एजेंसी का कार्यक्षेत्र बड़ा होने और गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति न होने से ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि यदि वर्तमान एजेंसी पूरे क्षेत्र में सुचारु आपूर्ति करने में सक्षम नहीं है तो कार्यक्षेत्र का पुनर्गठन कर किसी अन्य सक्षम एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाए। इस संबंध में उपायुक्त चंबा को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा डलहौजी अस्पताल में भर्ती मरीजों के भोजन की व्यवस्था का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। पेंशनरों ने कहा कि मरीजों को तंदूर में बनी रोटियां परोसी जा रही हैं, जिन्हें बुजुर्ग और कमजोर मरीज आसानी से नहीं खा पाते। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को हाथ से बनी ताजा चपातियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में जिला प्रधान शिव कुमार कौड़ा सहित करीब 40 पेंशनर उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App