बोरेड खड्ड में सैलाब, दर्जनों गांव पांवटा से कटे

By: Aug 7th, 2026 12:02 am

मूसलाधार बारिश से आवाजाही ठप, मरीजों और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी; ग्रामीणों ने पुल निर्माण की दोहराई मांग

कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शिवा और बनोर के बीच बहने वाली बोरेड खड्ड उफान पर है। खड्ड में आए भारी सैलाब के कारण क्षेत्र का संपर्क पांवटा साहिब से पूरी तरह कट गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह से ही खड्ड में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा और शाम तक स्थिति इतनी बिगड़ गई कि न तो कोई वाहन और न ही पैदल व्यक्ति खड्ड पार कर सका। इसके चलते बनोर, भट्टीवाला, दुग्गल, कफोटा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही ठप हो गई है। संपर्क कटने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को हो रही है। दिहाड़ी मजदूरी और सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले लोग भी पांवटा नहीं पहुंच पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर बरसात में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन प्रशासन हर बार केवल अस्थायी इंतजाम करके मामले को टाल देता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बोरेड खड्ड पर पुल निर्माण की मांग पिछले 10-15 वर्षों से की जा रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात में दो-तीन महीने तक हमारा क्षेत्र मुख्यालय से कटा रहता है। अगर किसी को इमरजेंसी में पांवटा या हॉस्पिटल जाना हो तो 15-20 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है। पुल बन जाए तो यह समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और सरकार से मांग की है कि बोरेड खड्ड पर तुरंत पुल निर्माण का कार्य शुरू किया जाए। साथ ही बरसात के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर अस्थायी पुल या नाव की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वह मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App