दवा कारोबार की राह में चार बड़े रोड़े

By: Aug 28th, 2026 12:54 am

हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने की प्रधान सचिव उद्योग एम सुधा से मुलाकात
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
हिमाचल प्रदेश के फार्मा उद्योग को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने और एमएसएमई इकाइयों के सामने आ रही व्यावहारिक दिक्कतों के समाधान को लेकर हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन एचडीएमए के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को शिमला में प्रधान सचिव उद्योग एम सुधा से मुलाकात की। आम्र्सडेल भवन स्थित हिमाचल सचिवालय में हुई बैठक में निदेशक उद्योग एवं एमडी हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन आदित्य नेगी तथा अतिरिक्त निदेशक उद्योग तिलक राज शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में एचडीएमए ने फार्मा उद्योग से जुड़े चार प्रमुख मुद्दों को सरकार के समक्ष रखा। इनमें दवाओं के एनएसक्यू मामलों की वैज्ञानिक और तथ्यपरक व्याख्याए बीबीएन व सिरमौर में बार-बार हो रही बिजली कटौती, मौजूदा फार्मा इकाइयों के विस्तार के लिए भूमि की उपलब्धता तथा आगामी औद्योगिक नीति में एमएसएमई फार्मा सेक्टर के लिए विशेष प्रावधान शामिल रहे।

एसोसिएशन ने दवाओं की गुणवत्ता से जुड़े नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी एनएसक्यू मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रत्येक एनएसक्यू मामले को सीधे तौर पर निर्माण स्तर की विफलता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। एचडीएमए ने कहा कि बार-बार बिजली बाधित होने से उत्पादन प्रभावित होता है, बैच प्रक्रिया में व्यवधान आता है और महंगी मशीनरी को भी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। एचडीएमए के प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि प्रधान सचिव उद्योग और अन्य अधिकारियों ने सभी मुद्दों को विस्तार से सुना तथा फार्मा उद्योग के सतत विकास और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App