पेंट मामले पर गोयल मोटर्स ने रखे फैक्ट
कंपनी प्रतिनिधि बोले; हर सुविधा और बेहतर सेवा के लिए गोयल मोटर्स प्रतिबद्ध, ग्राहक को पहले ही की थी मरम्मत की पेशकश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
वाहन के पेंट संबंधी शिकायत को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सोमवार को गोयल मोटर्स के शोरूम में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान गोयल मोटर्स के प्रतिनिधियों ने मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि डीलरशिप ने ग्राहक की शिकायत को गंभीरता से लिया और शिकायत मिलने के बाद ही वाहन की मरम्मत की पेशकश कर दी गई थी। प्रतिनिधियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर एकतरफा जानकारी सामने आने से मामले के कई तथ्य लोगों तक नहीं पहुंच पाए हैं। गोयल मोटर्स के प्रतिनिधियों बीडीएम हेड योगेश सेठी, एजीएम सेल्स भावित अत्री और एजीएम सर्विस राहुल ने बताया कि वायरल वीडियो में शुभम नामक व्यक्ति स्वयं को वाहन का मालिक बता रहे हैं, जबकि डीलरशिप के पास उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार वाहन दिनेश के नाम पर है। प्रतिनिधियों के अनुसार शुभम न तो वाहन के वास्तविक मालिक हैं और न ही ऋण में गारंटर हैं। उन्होंने बताया कि पेंट संबंधी शिकायत मिलने के बाद ग्राहक से ई-मेल और व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर वाहन की मरम्मत का विकल्प दिया गया था। मामले की तकनीकी जांच के लिए निर्माता कंपनी के पेंट विशेषज्ञ को भी निरीक्षण के लिए बुलाया गया। हालांकि, डीलरशिप के अनुसार निर्धारित तारीख पर ग्राहक निरीक्षण के लिए मौजूद नहीं हुए।
प्रतिनिधियों ने कहा कि डीलरशिप के पास उपलब्ध तकनीकी रिपोर्ट में वाहन के पेंट को हुए नुकसान के संबंध में बाहरी कारणों की ओर संकेत किया गया है। निरीक्षण के दौरान वाहन पर बाहरी पीपीएफ कोटिंग भी लगी हुई पाई गई। कंपनी ने कहा कि ऐसे में केवल यह कहना कि नई गाड़ी का पेंट अपने आप निकल गया, मामले की पूरी स्थिति को स्पष्ट नहीं करता। वाहन बदलने की मांग पर गोयल मोटर्स ने कहा कि ग्राहक को मरम्मत का विकल्प उपलब्ध करवाया गया था। कंपनी ने स्पष्ट किया कि पुलिस को सूचना देने का उद्देश्य ग्राहक को परेशान करना नहीं था, बल्कि डीलरशिप के प्रवेश मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखना था। इससे संबंधित नुकसान की स्थिति में वारंटी भी प्रभावित हो
सकती है।
हर सुविधा के लिए गोयल मोटर्स तत्पर
गोयल मोटर्स में ग्राहकों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाती है। वाहन खरीदने से लेकर सर्विस और रखरखाव तक ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाता है। शोरूम में आने वाले ग्राहकों को वाहन के मॉडल, फीचर्स और कीमत से जुड़ी जानकारी विस्तार से दी जाती है। वहीं, सर्विस के दौरान भी ग्राहकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
