भारी बारिश का तांडव; चट्टानें टूटीं, सडक़ें बंद
बारिश बनी आफत, हुट्टा के पास सडक़ पर आया मलबा और पत्थर
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
बारिश के कारण लचोड़ी-तेलका मार्ग पर हुट्टा के समीप हुए भूस्खलन से बुधवार सुबह कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सडक़ पर आ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर यातायात बहाल किया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के चलते बुधवार सुबह हुट्टा के पास अचानक भूस्खलन हो गया। इससे सडक़ पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर आ गए, जिसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने सुबह ही इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद सडक़ से मलबा हटाया गया और सुबह करीब साढ़े आठ बजे यातायात को दोबारा सुचारु कर दिया गया।
अधिशासी अभियंता के बोल
लोक निर्माण विभाग सलूणी मंडल के अधिशासी अभियंता ई. अतुल शर्मा ने बताया कि हुट्टा के पास भूस्खलन के कारण लचोड़ी-तेलका मार्ग कुछ समय के लिए बंद हो गया था। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मलबा हटाकर मार्ग को सुरक्षित रूप से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
